मध्यांचल प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी का प्रथम दीक्षांत समारोह सम्पन

फ़रवरी 2026
शिक्षासंस्कार और नए भविष्य की गरिमामयी शुरुआत

मध्यांचल प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के इतिहास में एक महत्वपूर्ण और गौरवपूर्ण अध्याय उस समय जुड़ गया, जब वर्ष 2026 का प्रथम दीक्षांत समारोह सायंकालीन गरिमामय वातावरण में भव्य रूप से संपन्न हुआ। यह समारोह केवल विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का उत्सव नहीं था, बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, जीवन मूल्यों और राष्ट्र निर्माण के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता का सशक्त प्रमाण भी बना।

इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के माननीय केंद्रीय संचार एवं उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया जी की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह को विशेष ऊँचाई प्रदान की। अपने प्रेरणादायी संबोधन में उन्होंने मध्यांचल प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह विश्वविद्यालय न केवल अकादमिक उत्कृष्टता की दिशा में कार्य कर रहा है, बल्कि विद्यार्थियों को जीवन के वास्तविक मूल मंत्र भी सिखा रहा है।

श्री सिंधिया जी ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देना, समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाना और नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ना होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, आत्मविश्वास, नवाचार और सेवा भावना को अपने जीवन का आधार बनाने का संदेश दिया।

विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) के अध्यक्ष एवं पूर्व UPSC अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार जोशी जी की उपस्थिति ने समारोह की बौद्धिक गरिमा को और सुदृढ़ किया। अपने संबोधन में उन्होंने युवाओं को ईमानदारी, निरंतर परिश्रम और धैर्य का महत्व बताते हुए कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस युग में केवल ज्ञान ही नहीं, बल्कि चरित्र और मूल्य ही व्यक्ति की वास्तविक पहचान बनाते हैं।

दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की माननीय कुलपति श्रीमती प्रीति पटेल जी ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने कहा कि मध्यांचल प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जिम्मेदार, सक्षम और राष्ट्र के लिए उपयोगी नागरिक के रूप में तैयार करना है। उन्होंने युवाओं से ज्ञान, मूल्य और संवेदनशीलता के साथ समाज एवं राष्ट्र की सेवा करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर प्रसिद्ध कवि, लेखक एवं तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ के लोकप्रिय कलाकार श्री शैलेश लोढ़ा जी को सम्मानित किया गया। उन्होंने युवाओं को रचनात्मकता, संवेदनशीलता और सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया। इसके अतिरिक्त डॉ. विक्रांत सिंह तोमर जीश्री संजय कुमार जैन जी एवं डॉ. एल. डी. आर्य जी को मानद उपाधि से अलंकृत किया गया।

समारोह में विशेष अतिथियों के रूप में डॉ. अखिलेश पांडेयडॉ. एस. सी. चौबेडॉ. राजीव पांडेयडॉ. संजीव शर्माडॉ. आशीष उपाध्याय एवं श्री साहिल खान की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया।

यह दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के लिए गर्व, आशीर्वाद और प्रेरणा से भरा हुआ क्षण रहा। ज्ञान, संस्कार और नए संकल्पों के साथ विद्यार्थियों ने अपने भविष्य की नई यात्रा की शुरुआत की, जो विश्वविद्यालय के लिए भी अत्यंत गर्व का विषय है।

अंत में, मध्यांचल प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के संपूर्ण शिक्षकों एवं प्रबंधन ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और सफल जीवन यात्रा की कामना करते हुए राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने हेतु शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!